पुराने वाहन चलाने वाले सावधान! हर 3 महीने बाद करवाना होगा प्रदूषण टेस्ट, नए नियम लागू
वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी ये बदलाव पंजाब समेत पूरे देश में लागू होंगे। नए नियमों के तहत अब वाहन की BS श्रेणी, उम्र और निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल के आधार पर PUC प्रमाणपत्र की वैधता तय की जाएगी।
मंत्रालय के नोटिफिकेशन नंबर GSR 991(E) के अनुसार, BS-1, BS-2 और BS-3 श्रेणी के वाहनों के लिए PUC प्रमाणपत्र की अवधि 3 महीने रखी गई है, जबकि BS-4 वाहनों के लिए यह अवधि 6 महीने होगी।
BS-6 श्रेणी के निजी वाहनों के लिए उम्र के आधार पर प्रमाणपत्र की अवधि तय की गई है। 6 साल तक पुराने वाहनों के लिए PUC की वैधता 3 साल, 6 से 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए 1 साल और 10 साल से अधिक उम्र वाले वाहनों के लिए 6 महीने होगी।
इसी तरह BS-6 श्रेणी के व्यावसायिक वाहनों के लिए 6 साल तक की उम्र होने पर PUC प्रमाणपत्र 2 साल, 6 से 10 साल तक 1 साल और 10 साल से अधिक उम्र होने पर 6 महीने के लिए वैध रहेगा।
नए नियमों का असर लुधियाना के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और निजी वाहन मालिकों पर भी पड़ेगा। खासकर पुराने BS मानकों वाले वाहनों के मालिकों को अब कम समय के अंतराल पर प्रदूषण जांच करवानी होगी, जबकि नए BS-6 वाहनों के मालिकों को तुलनात्मक रूप से लंबी अवधि का लाभ मिलेगा।
सरकार की ओर से पहले जारी किए गए PUC प्रमाणपत्रों को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की गई है। मौजूदा प्रमाणपत्र अपनी तय अवधि समाप्त होने तक वैध रहेंगे और नई अवधि पहली बार नवीनीकरण करवाते समय लागू होगी। यदि प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त होने से पहले आखिरी 10 दिनों के दौरान नवीनीकरण करवाया जाता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति तिथि से लागू होगा।
अब लुधियाना में यह देखना होगा कि प्रदूषण जांच केंद्र नए नियमों को लागू करने के लिए कितने तैयार हैं और पुराने वाहनों की जांच के लिए जरूरी सुविधाएं किस तरह उपलब्ध करवाई जाती हैं।

