नेपाल में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय नागरिक की मौत; कई घायल
नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के फेरेचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री और दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए।
नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुआ। फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए। हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडू के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार थे।
भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक भी घायल
शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसी हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्णा पटेल भी घायल हुए हैं। वहीं, दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलटों को भी चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, फिशटेल एयर का हेलिकॉप्टर कैप्टन प्रज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर की कमान कैप्टन रवींद्र प्रजापति के पास थी। हादसे के बाद सिमरिक एयर का हेलिकॉप्टर भी मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया गया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल दोनों हेलिकॉप्टरों में सवार कुल यात्रियों की संख्या को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


