पंजाब की गौशालाओं के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, 100 करोड़ रुपये का फंड जारी होगा
पंजाब में बेसहारा पशुओं की देखभाल करने वाली गौशालाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। सरकार ने गौशालाओं की मदद के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड देने का फैसला किया है। इस संबंध में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी।
अमन अरोड़ा के मुताबिक, पंजाब में इस समय 500 रजिस्टर्ड गौशालाएं और 20 कैटल पाउंड हैं। सरकार की ओर से दिया जाने वाला यह फंड इन संस्थाओं को पशुओं की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगा।
इसके साथ ही सरकार ने सभी गौशालाओं के बिजली बिल माफ करने का भी फैसला लिया है। जिन गौशालाओं के पुराने बिजली बिल बकाया थे, उन्हें भी माफ कर दिया गया है। इससे गौशालाओं पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होने की उम्मीद है।
अब तक सरकार की ओर से मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों की गौशालाओं को ही फंड दिया जाता था, लेकिन अब इस योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों की गौशालाओं को भी मिलेगा। अमन अरोड़ा ने बताया कि शहरी क्षेत्रों की 228 गौशालाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की 272 गौशालाओं को भी इस फंड में शामिल किया जाएगा। इसके तहत प्रति पशु 4,538 रुपये की राशि दी जाएगी।
फंड जारी करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में यह राशि नगर निगम कमिश्नरों और ग्रामीण क्षेत्रों में डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। उनके मुताबिक, सभी रजिस्टर्ड गौशालाओं को दो दिनों के भीतर फंड जारी कर दिया जाएगा।
अमन अरोड़ा ने बताया कि राज्य में करीब 2 लाख 20 हजार गोवंश की देखभाल को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। गौशालाओं के संचालक लंबे समय से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में दान की कमी के कारण गौशालाओं को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
सरकार के इस फैसले से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की गौशालाओं को सहायता मिलने की उम्मीद है। अब यह देखना होगा कि घोषित 100 करोड़ रुपये का फंड कितनी जल्दी सभी गौशालाओं तक पहुंचता है और बेसहारा पशुओं की देखभाल में कितनी मदद करता है।


