पंजाब कांग्रेस ने 4 सदस्यीय उच्च स्तरीय समन्वय समिति का किया गठन
पंजाब में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पंजाब कांग्रेस ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और दूसरी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं को कांग्रेस में शामिल करने की प्रक्रिया के लिए अहम फैसला लिया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) ने इस उद्देश्य से चार सदस्यीय उच्च स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की ओर से जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, इस समिति में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य विजय इंदर सिंगला, विधायक और कांग्रेस विधायक दल की उपनेता अरुणा चौधरी, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लाडी को शामिल किया गया है।
यह चार सदस्यीय समिति दूसरी राजनीतिक पार्टियों को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के इच्छुक नेताओं की जॉइनिंग प्रक्रिया का समन्वय करने के साथ-साथ उसकी निगरानी भी करेगी। पार्टी ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी बाहरी नेता को कांग्रेस में शामिल करने से पहले संबंधित विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के साथ अनिवार्य रूप से विचार-विमर्श किया जाए।
कांग्रेस के इस फैसले को पार्टी में नए नेताओं की एंट्री के दौरान पुराने नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की सहमति को महत्व देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी इस प्रक्रिया के जरिए आंतरिक तालमेल बनाए रखना चाहती है और नए नेताओं के शामिल होने की प्रक्रिया को तय नियमों के तहत लाना चाहती है। जारी आदेशों के मुताबिक, यह समिति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।


