अपराध

चाची से अवैध संबंध थे, बाधक बन रहे चाचा को किया रास्ते से साफ

Desk

एक युवक ने चाची से अवैध संबंध में बाधक चाचा को बांके से काटकर मार डाला। घटना की चश्मदीद दादी को भी मरणासन्न कर दिया। दादी को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। बड़े भाई ने मृतक की पत्नी और भतीजे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फरार हैं।लोनार थाना क्षेत्र के  फदनापुर गांव निवासी स्व. रामहरी के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा वीरेंद्र करीब चार महीने पहले एआरटीओ के पद से रिटायर हुआ है। दूसरे नंबर का बेटा सुरेंद्र शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर गांव में रहता है। तीन बेटों की मां गोदावरी (75) गांव में अकेली रहती हैं। छोटा बेटा शैलेंद्र (35), पत्नी दिव्या (28) और भतीजे रोशन पुत्र सुरेंद्र (28) के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। शैलेंद्र के चार साल का बेटा अंश (4) है। करीब पांच दिन पहले शैलेंद्र पत्नी, बेटे और भतीजे रोशन के साथ दिल्ली से लौटा था। शैलेंद्र की ससुराल हरदोई के राधानगर मोहल्ले में है। 
दिल्ली से लौटकर शैलेंद्र पत्नी व बेटे के साथ राधानगर में रुक गया। रोशन पिता के पास उधरनपुर चला गया। गुरुवार को शैलेंद्र परिवार के साथ मां के पास चला गया था। शनिवार रात रोशन भी फदनापुर पहुंच गया। खाना खाने के बाद सभी बरामदे में सो गए। शैलेंद्र और रोशन एक चारपाई पर थे। दिव्या बेटे के साथ और गोदावरी बहू के बगल की चारपाई पर सोयी थी। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक रात में शैलेंद्र और गोदावरी के सो जाने के बाद रोशन व दिव्या दूसरे कमरे में चले गए। आहट होने पर शैलेंद्र की नींद खुल गई। कमरे में जाकर देखा तो रोशन और दिव्या आपत्तिजनक स्थिति में थे। 
विरोध करने पर रोशन ने चाचा शैलेंद्र पर बांके से हमला कर दिया। चीख सुनकर गोदावरी की भी नींद खुल गई। इस पर रोशन ने दादी पर भी वार कर दिया और बांका फेंककर भाग निकला। इसके बाद दिव्या ने चीखना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। रात करीब 2 बजे ग्रामीणों ने लोनार थाने फोन किया। कोतवाल एके राय गांव पहुंचे और शैलेंद्र व गोदावरी को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया। गोदावरी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। कोतवाल ने बताया कि वीरेंद्र की तहरीर पर रोशन और दिव्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।

Report :- Desk
Posted Date :- 15/11/2016

अपराध