राज्य

मौसम ने बदली करवट:हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर, बर्फबारी देख पर्यटकों के चेहरे खिले; मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन

Desk

उत्तर भारत समेत कई पहाड़ी राज्यों में भी मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। हिमाचल प्रदेश के कुफरी और नारकंडा में सोमवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। रविवार देर रात मनाली, डलहौजी समेत कई स्थानों पर भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुल्लू, रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला और कुंजुम में बर्फबारी से पहाड़ बर्फ से ढक गए हैं। रविवार दिन में कई इलाकों में बारिश भी हुई। ऐसे में बारिश और बर्फबारी होने से प्रदेश के कई जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। लेकिन पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में बर्फबारी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी कर किया है। मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मनाली-काजा मार्ग भी बंद कर दिया गया है। वहीं पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश से ठिठुरन बढ़ने लगी है। रविवार को जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी हुई। हरियाणा, पंजाब, यूपी, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश हुई, जिससे तापमान नीचे आ गया और ठिठुरन बढ़ गई। पश्चिमी विक्षोभ के कारण चली तेज हवाओं ने सिहरन पैदा कर दी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

Report :- Desk
Posted Date :- 16-11-2020

राज्य